भारत के इतिहास से छेड़छाड़

अजय सेतिया

भारत के पूर्व राष्ट्रपति और सारी उम्र कांग्रेसी रहे प्रणब मुखर्जी ने जून 2018 में राष्ट्रीय स्वयसेवक संघ के नए प्रचारकों के दीक्षांत समारोह में जा कर कांग्रेस , वामपंथियों और भारतीय मुसलमानों में खलबली मचा दी थी | उसी की समीक्षा |

प्रणब मुखर्जी असल में कांग्रेस को चोट करने के इरादे से ही संघ के मंच पर गए | इस से पहले अपनी किताब में भी सोनिया गांधी को हिन्दू विरोधी बता चुके थे | उन्होंने अपनी किताब में यूपीए शासन के दौरान जयेंद्र सरस्वती की गिरफ्तारी का भी विरोध किया है | यह गिरफ्तारी जयललिता और सोनिया गांधी की सांठ गाँठ से हुई थी | किताब के बाद अब प्रणब दा ने संघ की लाठी से कांग्रेस को इतनी चोट पहुचाई है कि कांग्रेस छलनी भी हो गई और किसी को पता भी नहीं चला | कांग्रेस और सेकुलर गैंग के मुंह से आवाज भी नहीं निकल रही | प्रणब दा ने पांच ऐसी बातें कही हैं जिससे कांग्रेसी विचारधारा की नींव हिल गई है | कांग्रेस के बुद्धिजीवी गैंग का दावा है कि प्रणब दा ने कांग्रेस की राष्ट्रवाद की अवधारणा को केंद्र में लाकर खड़ा कर दिया |

ज़रा समझें वो पांच बातें क्या हैं |
पहली -पहला झटका प्रणब मुखर्जी ने कांग्रेस को तब दिया | जब उनने विजिटर बुक में लिखा- ''मैं आज यहां भारत मां के महान सपूत डॉ के बी हेडगेवार को श्रद्धांजलि देने आया हूं | '' इसमें नोट करने वाले शब्द हैं - भारत मां और महान सपूत | मुस्लिम कट्टरपंथियों के दबाव में अब कांग्रेस भारत माता नहीं कहती | भारत को माता कहने पर मुसलमानों को एतराज है | उन का सब से बड़ा विरोध ही यह है कि वे भारत माता की जय नहीं बोलेंगे | भारत मां की वंदना मूर्ति पूजा के बराबर है | भारत को मां कहने को साम्प्रदायिक माना जाने लगा है | कांग्रेस पार्टी और कांग्रेसी इतिहासकार हेडगेवार खलनायक बताते रहे हैं | प्रणब दा ने उन्हें अपने हाथ से भारत मां का महान सपूत लिख दिया |

दूसरी बात- प्रणब मुखर्जी ने अपने भाषण में भारत को 5000 साल पुरानी सभ्यता बताया | इतना ही नहीं उन ने यहाँ तक कहा कि भारत की सभ्यता 5000 साल से अंखण्डित रही | निरंतर इसका विकास होता रहा है.! यही तो संघ कहता है | भाजपा भी तो सांस्कृतिक रास्गत्र्वाद की बात इसी आधार पर कहती है | नेहरू तो डिस्कवरी आफ इंडिया में लिख गए कि मुगलों से पहले भारत में कबीले रहते थे | कांग्रेस सरकारों में पाठ्य पुस्तकें लिखने वाले किराए के वामपंथी भारत का विकृत इतिहास लिखते रहे | हमें तो यही पढ़ाया गया कि हमारा इतिहास सिधू घाटी सभ्यता से शुरु होता है | जिसके बाद आर्य आए |

तीसरी बात – अपने भाषण में दादा ने यह कह कर तो सेकुलर गैंग का कलेजा छलनी कर दिया कि मुगल आक्रांता थे.. आक्रमणकारी थे | अपन बता दें कि यह बात दादा ने नागपुर आने के बाद जोड़ी , जो उन के लिखित भाषण में नहीं थी | शायद यह संघ मुख्यालय में बिताए कुछ पलों का असर रहा होगा | उनने बाबर को मुस्लिम इनवेडर बताया | जिसने दिल्ली पर कब्जा किया था | यह तो कांग्रेस की विचारधारा कभी नहीं रही थी | ये तो सिर्फ संघ की शाखाओं में ही बताया जाता रहा कि बाबर एक लुटेरा था | जिसने तोपों के बल पर भारत पर कब्जा कर लिया | सेकुलर इतिहासकार तो तैमूर लंग के परपोते बाबर को कला-प्रेमी, लेखक व दयालु शहंशाह बताते रहे | बाबर को आक्रमणकारी कहने वालों को तो सांप्रदायिक बताया जाता था | बाबरी ढाँचे के टूटने पर विलाप करने वाले बाबर की तारीफ़ में लिखते रहते थे | अब प्रणब दा ने भी बाबर को आक्रमणकारी बता दिया | तो फिर कांग्रेस के स्पिन-डॉक्टर्स किस बात की खुशियां मना रहे हैं?

चौथी बात – जो मुलिम आक्रमणकारी और हिन्दू राजाओं में भेद करने वाली है | प्रणब दा ने चंद्रगुप्त मौर्य का उल्लेख किया | राजा अशोक का बखान किया | पर उनने किसी भी मुस्लिम सुल्तान का नाम नहीं लिया.! जबकि, कांग्रेसी तो अब तक अशोका द ग्रेट कहने पर तुरंत अकबर द ग्रेट बोलते हैं | सवाल है कि दादा ने अशोक का नाम लिया , फिर अकबर का नाम क्यों भूल गए | हकीकत ये है कि वो लिखे हुए भाषण को पढ़ रहे थे | इसलिए भूलने का सवाल नहीं है | मतलब साफ है उनने जानबूझ कर अकबर का नाम नहीं लिया |

पांचवी बात- प्रणब दा ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:.. भारत के राष्ट्रवाद का आधार है.! यह बात संसद भवन की दीवारों पर भी लिखी है | हकीकत ये है कि वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिऩः’ – ये दोनों वाक्य हिंदुत्व का भी आधार है | संघ के सरसंघचालकों के भाषणों में अक्सर ये दो वाक्य सुनने को मिलता है | अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में कई बार इन दोनों वाक्यों की व्याख्या की है | नरसिंह राव भी इन डो वाक्यों को दोहराते रहते थे | जो सोनिया गांधी की आँख की किरकिरी बन गए थे | प्रणब दा भी सोनिया की आँख की किरकिरी थे | प्रणब दा ने इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पीएम् पद पर दावा ठोका था | तब उन्हें कांग्रेस इ निकाल दिया गया था | राजीव गांधी के रहते वह कभी कांग्रेस में नहीं लौट सके | नरसिंह राव ही प्रणब दा को कांग्रेस में लाए थे | तभी दोनों सोनिया की आँख की किरकिरी थे | सोनिया ने कांग्रेस में सब से वरिष्ठ होते हुए भी प्रणब दा को पीएम नहीं बनने दिया | मनमोहन सिंह को पीएम् बना दिया | दस साल तक प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह ने कभी वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिऩः नहीं कहा | न ही राहुल गांधी ने कभी इसका जिक्र किया | वह तो खैर संस्कृत के इतने मुश्किल श्लोक बोल ही न सकेंगे |

यही पांच बातें प्रणब दा के भाषण की आत्मा है | कांग्रेस पार्टी ने प्रणब दा को नागपुर जाने से रोकने की हर कोशिश की | प्रणब दा फिर भी गए.. कांग्रेसी नेताओं ने प्रणब दा से मिलकर मिन्नतें की | फिर भी प्रणब दा नहीं माने | थक हार कर उन्होंने प्रणब दा से ये गुजारिश की कि नागपुर जाकर कम से कम संघ की तारीफ न करें | प्रणब दा शायद मान गए | यही वजह है दादा ने अपने भाषण में संघ के बारे में एक शब्द नहीं कहा | पर वह बात उन ने विजिटर्स बुक लिख कर कह दी | असल में प्रणब दा ने कांग्रेस को संघ की लाठी से ऐसा प्रहार किया है कि कांग्रेस लम्बे समय तक छटपटाती रहेगी | और सबसे मुख्य बात प्रणव दा के भाषण के अंत में वन्दे मातरम् कहा | जो कांग्रेस मुस्लिम कट्टरपंथियों के दबाव में पूरी तरह छोड़ चुकी है |